डरना नहीं कभी किसी के रुतबे और आकार से,
मंज़िलें मिलती हैं सदा हौसलों के हथियार से।
पाप चाहे लाख कोशिश करे सत्य को हराने की,
अंततः विजय होती है पुण्य की,झूठ के अंधकार से।
गीता का संदेश कृष्ण ने अर्जुन को समझाया था,
पहले अपने मन के संशय से युद्ध कराया था।
जो जीत गया अपने भीतर बैठे डर और अहंकार को,
उसने ही इतिहास के पन्नों पर नाम लिखाया था।
जब मुश्किलों ने घेरा,तब हौसलों का पता चला,
जब अंधेरों से गुज़रे,तब उजालों का पता चला।
आँधियों ने जब परखा मेरे इरादों की ताकत को,
तब जाकर अपने भीतर छिपे तूफानों का पता चला।
झुकना नहीं उसूलों को किसी की शर्तों के बाजार में,
बिकना नहीं ज़मीर अपना दुनियाँ के व्यापार में।
जब ठुकरा दिए समझौते आत्मसम्मान की खातिर,
तब कीमत समझ आई अपनी खुद की नज़र में।
न हार से घबराना,न जीत का अभिमान करना,
हर हाल में सत्य और अपने कर्मों का सम्मान करना।
किशन वक्त बदलता है,बदल जाती हैं तकदीर की लकीरें,
खुद पर विश्वास रखकर मंज़िल की ओर प्रस्थान करना।
