चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
हर बेटी के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, ‘विद्या वाहिनी योजना’ से आसान होगा शिक्षा का सफर
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय, प्रह्लादपुर में साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वार्षिक खेल दिवस 2026 का भी आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह शामिल हुए। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में निगम पार्षद श्रीमती अंजू अमन, मंडल अध्यक्ष श्रीमती निम्मी शर्मा, जिला उप शिक्षा निदेशक श्री वेद प्रकाश सिंह, जोन-X के उप शिक्षा निदेशक डॉ. भगवान दास, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अंजलि खत्री, श्री सत्यवान, श्री मुकेश चौधरी तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
साइकिल से आसान होगी स्कूल तक की राह
‘विद्या वाहिनी योजना’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। साइकिल मिलने से छात्राओं का विद्यालय आना-जाना आसान होगा और उनका समय बचेगा। इससे शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा तथा वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ सकेंगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल छात्राओं को शिक्षा से जुड़े रहने, आत्मनिर्भर बनने और जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
‘शिक्षित बेटियां–सशक्त दिल्ली’ के संकल्प पर जोर
श्री सिंह ने कहा कि ‘शिक्षित बेटियां–सशक्त दिल्ली’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प है, जहां हर बेटी को शिक्षा, समान अवसर और अपनी प्रतिभा निखारने का पूरा अवसर मिले। शिक्षित बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इसलिए बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण में निवेश करना दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के समान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की डबल इंजन सरकार बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या अन्य व्यावहारिक कठिनाइयां किसी भी बेटी की शिक्षा और उसके सपनों में बाधा न बनें।
खेलों से बढ़ता है अनुशासन और टीम भावना
वार्षिक खेल दिवस के दौरान छात्राओं ने 100 मीटर दौड़, रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा गया कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ जैसी पहल छात्राओं को शिक्षा जारी रखने, आत्मनिर्भर बनने और जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बेटियों को सशक्त बनाने और उनके लिए बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


