महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
एमआईएस इंटरनेशनल स्कूल, देवकाली बाईपास, अयोध्या में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता के मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह-संयोजक डॉ. राजीव कुमार जी रहे। उन्होंने कहा कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और कानूनों का अनुपालन सर्वोपरि है। किसी भी विदेशी कंपनी को व्यावसायिक हितों के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि सैटेलाइट इंटरनेट तकनीक के विस्तार के साथ डेटा ट्रैफिक, कानूनी निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में संचार तथा सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय जैसे विषयों पर स्पष्ट व्यवस्था आवश्यक है। स्टारलिंक को भारत में सेवाएं शुरू करने से पहले सरकार की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का संतोषजनक समाधान करना चाहिए।
स्वदेशी जागरण मंच का मत है कि भारत को सैटेलाइट इंटरनेट के क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक और घरेलू संचार अवसंरचना को प्रोत्साहित करना चाहिए, जिससे देश तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सके और नागरिकों को सस्ती एवं सुरक्षित इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाएं विकसित हों।
प्रेस वार्ता के माध्यम से मंच ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए तथा भारत की तकनीकी प्रगति स्वदेशी सामर्थ्य और राष्ट्रीय हितों के अनुरूप होनी चाहिए।

