महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
बीकापुर क्षेत्र में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों का पुलिस ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सिरोहीया हैदरगंज से निकले कांवड़ियों को बीकापुर कोतवाल देवेंद्र पांडेय और पुलिसकर्मियों ने फूल बरसाकर रवाना किया। पुलिस के इस स्वागत से कांवड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान कोतवाल देवेंद्र पांडेय ने कांवड़ियों से धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़िए सड़क पर अपनी निर्धारित साइड से सुरक्षित तरीके से चलें, जिससे उनकी भक्ति और आस्था पर किसी तरह की उंगली न उठे और यात्रा भी सुरक्षित रहे।
कोतवाल ने आम लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि सावन के इस दौर में बड़ी संख्या में शिव भक्त नंगे पांव और वाहनों से सड़कों पर निकल रहे हैं। ऐसे में सभी लोग कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि यदि यात्रा के दौरान कोई घटना या दुर्घटना होती है तो आसपास के लोग तत्काल पुलिस को सूचना दें और जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों की मदद करें। साथ ही पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।बीकापुर पुलिस की इस पहल की कांवड़ियों ने सराहना की। पुष्प वर्षा और स्वागत की यह तस्वीर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

