पांचों गांवों के विद्यालयों में बच्चों को फल बांटे, गौशाला में गायों को खिलाई लापसी व हरा चारा
फूलियाकलां ( के एम कुरेशी) जिले के फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सणगारी के सरपंच (प्रशासक) भागचन्द चाड़ा ने शनिवार को अपना जन्मदिन अनूठे एवं सादगीपूर्ण अंदाज में मनाया। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने न कोई समारोह आयोजित किया, न साफा बंधवाया और न ही केक व डीजे का आयोजन किया। इसके बजाय शिक्षा, सेवा और गौसेवा को प्राथमिकता देते हुए दिनभर विभिन्न सेवा कार्य किए।
जन्मदिन के अवसर पर ग्राम पंचायत सणगारी के पांचों गांवों के विद्यालयों में बच्चों को फल वितरित किए गए। सुबह 8 बजे खेड़ा हेतम विद्यालय, 9 बजे गणपतिया खेड़ा विद्यालय, 10 बजे सणगारी विद्यालय, 11 बजे रामपुरा विद्यालय तथा दोपहर 12 बजे चान्दमा विद्यालय में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को फल वितरित कर उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।
इसके बाद भागचन्द चाड़ा ने धानेश्वर नारायण धाम आश्रम पहुंचकर महंत शंकर दास जी महाराज से आशीर्वाद लिया तथा आश्रम विकास हेतु 51 हजार रुपये की राशि भेंट की। शाम 3 बजे फूलियाकलां लक्ष्मीनाथ गौशाला में पहुंचकर गौसेवा की तथा उन्होंने गायों को हरा चारा एवं लापसी खिलाकर जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। जन्मदिन को लेकर चाड़ा की इस सादगी और सेवा भावना की लोगों ने सराहना की।
चाड़ा ने कहा कि जन्मदिन का वास्तविक आनंद तभी है, जब खुशियां समाज और जरूरतमंदों के साथ साझा की जाएं। इसी भावना के साथ इस बार जन्मदिन को किसी दिखावे के बजाय शिक्षा, सेवा और गौसेवा को समर्पित किया गया।
“ना साफा, ना केक, ना डी.जे, ना माला—केवल सादगी, सेवा और संस्कार ही जन्मोत्सव का अनमोल उपहार होगा।”