विकास कार्यों की सौगात – बोराणी, जहाजपुर और पण्डेर में करोड़ों के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण एवं शिलान्यास

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) राजस्थान सरकार के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग (PHED) केबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी गुरुवार को जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बोराणी, जहाजपुर, पण्डेर व रोपा में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
विधायक गोपीचंद मीणा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे बोराणी से होगी, जहां मंत्री चौधरी एमडीआर-07 से बोराणी चौराहा–सेहलादाता रोड के लोकार्पण के साथ नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बोराणी एवं राजकीय विद्यालय सेहलादाता में डीएमएफटी मद से निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण भी किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 11 बजे जहाजपुर में अधिशासी अभियंता कार्यालय के भूमि पूजन के साथ फल एवं सब्जी मंडी स्थापना कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही सरसिया में 2000 केएल क्षमता के उच्च जलाशय एवं पाइपलाइन कार्य तथा पीपलूंद में डीएमएफटी मद से पाइपलाइन कार्य का लोकार्पण किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे पण्डेर में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम रोपा व पण्डेर में मेटल सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा पाइपलाइन बदलने के कार्य का लोकार्पण किया जाएगा।
