4.60 करोड़ की लागत से बने छात्रावास का कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया लोकार्पण, दूर-दराज की छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) क्षेत्र की स्कूली छात्राओं को अब शिक्षा के लिए घर से दूर रहने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के अंतर्गत लगभग 4 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय छात्रावास का बुधवार को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विधायक एवं भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा की उपस्थिति में लोकार्पण किया।
यह जहाजपुर क्षेत्र का पहला बालिका आवासीय छात्रावास है, जहां सभी वर्गों की स्कूली छात्राओं को रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छात्रावास के शुरू होने से विशेष रूप से दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को सुरक्षित, अनुशासित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी शिक्षा निरंतर जारी रखने में सहायता मिलेगी।
छात्रावास में छात्राओं के लिए 25 आवासीय कक्ष बनाए गए हैं। प्रत्येक कमरे में चार बेड, अलमारियां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, डाइनिंग हॉल, मीटिंग हॉल, किचन, स्टोर रूम, वार्डन के लिए दो आवासीय कक्ष तथा पर्याप्त संख्या में अलग-अलग शौचालय एवं स्नानघर बनाए गए हैं, ताकि छात्राओं को परिसर में ही सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
छात्रावास के संचालन के लिए वर्तमान में पांच सदस्यीय स्टाफ की नियुक्ति की गई है। इस आवासीय सुविधा के शुरू होने से जहाजपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित आवास उपलब्ध होगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह छात्रावास बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

