पदयात्रियों व राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें, पंचायत प्रशासन से तत्काल सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) ग्राम पंचायत रोपा में पंचायत प्रशासन की उदासीनता के चलते मुख्य मार्ग सहित कस्बे के कई हिस्सों में कीचड़, गंदगी और बबूल की झाड़ियों का फैलाव लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सड़क पर जमा कीचड़ से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क किनारे फैली बबूल की झाड़ियां दुर्घटना की आशंका भी बढ़ा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के साथ-साथ कस्बे के अंदर भी लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है। समय पर सफाई नहीं होने से बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है। इन दिनों सावन माह में कोटड़ी चारभुजा नाथ जाने वाली पदयात्राएं लगातार इसी मार्ग से गुजर रही हैं, लेकिन श्रद्धालुओं को कीचड़ और गंदगी के बीच होकर यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर फैली बबूल की झाड़ियां भी आवागमन में बाधा बन रही हैं। उनका आरोप है कि ग्राम पंचायत प्रशासन की लापरवाही के कारण नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग से कीचड़ हटाकर तत्काल सफाई कराई जाए तथा सड़क पर फैली बबूल की झाड़ियों की छंटाई कर आमजन और पदयात्रियों को राहत दिलाई जाए।
