जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण रोकने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगाए गए चेतावनी बोर्ड अब खुद ही व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। विडंबना यह है कि जिस बोर्ड पर बड़े अक्षरों में “पालिका भूमि पर अतिक्रमण नहीं करें” लिखा है, उसी बोर्ड के आसपास और उस पर ही अतिक्रमण दिखाई दे रहा है। इससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली और अतिक्रमण के खिलाफ उसकी गंभीरता पर सवाल उठने लगे हैं।
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पालिका भूमि पर लगातार अतिक्रमण होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। हालात यह हैं कि चेतावनी बोर्ड केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं और उनका कोई असर नजर नहीं आ रहा।
नगरवासियों का कहना है कि यदि पालिका केवल बोर्ड लगाने तक ही सीमित रही और नियमों का पालन नहीं कराया, तो ऐसे संदेशों का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। लोगों ने मांग की है कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नगर को वास्तव में स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।



