चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली: दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त सदस्य मोहम्मद हारून ने मंगलवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक, शुभचिंतक तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मोहम्मद हारून ने कहा कि वह आयोग के सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों की रक्षा, उनके कल्याण तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने बताया कि आयोग के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
मोहम्मद हारून ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता, सक्रियता और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने मोहम्मद हारून को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

