
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) क्षेत्र के बिलेठा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कथित तांत्रिक क्रिया से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। विद्यालय परिसर के मुख्य गेट के समीप सफेद रंग से स्टार जैसा चिन्ह बनाया गया है, जिसके ऊपर चार नींबू रखे गए हैं। वहीं कपड़े का बना एक पुतला भी रखा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके ऊपर एक नींबू, अगरबत्तियां, सफेद रंग की टूटी लाख की चूड़ियां तथा कुछ बाल जैसी सामग्री भी रखी गई है।
इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद विद्यार्थियों और उनके परिजनों में भय का माहौल है। कई अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की संदिग्ध सामग्री विद्यालय परिसर में मिलने से बच्चों के मन में डर बैठ गया है और वे उन्हें स्कूल भेजने से भी हिचक रहे हैं।
मामले को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट बयान देने से परहेज किया। विभाग की चुप्पी से लोगों में कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विद्यालय परिसर में यह सामग्री किसने रखी और इसकी जिम्मेदारी किसकी है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए तथा विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके।
इस सामग्री को “तांत्रिक क्रिया” बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।