चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली: संत श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे ‘संत श्री रविदास समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित उनकी पावन जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी का कलश शुक्रवार को दिल्ली पहुंचा। नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली सरकार के मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम तथा पार्टी पदाधिकारियों ने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया। इसके बाद कलश यात्रा करोलबाग स्थित संत श्री रविदास विश्रामधाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ पावन माटी कलश स्थापित किए गए।
भारतीय जनता पार्टी ने संत श्री रविदास जी की 650वीं जयंती को सात माह तक चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी अभियान के अंतर्गत 29 जुलाई को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संत रविदास की जन्मस्थली की पावन माटी के कलश देश के सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपे थे, जिन्हें सामाजिक समरसता का संदेश लेकर पूरे देश में पहुंचाया जा रहा है।
दिल्ली पहुंचने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्या ने करोलबाग स्थित संत रविदास विश्रामधाम में कलश का विधिवत स्वागत कर उसे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ स्थापित किया। समारोह में पूज्य संत श्री अजय भाई जी ने भजनांजलि अर्पित की, जबकि सांसद मनोज तिवारी ने संत रविदास जी की प्रसिद्ध चौपाई “मन चंगा तो कठौती में गंगा” सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी की जन्मस्थली से आई पावन माटी के कलश की स्थापना का साक्षी बनना सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र माटी को दिल्ली के प्रत्येक कोने तक पहुंचाने में दिल्ली सरकार भी पूरा सहयोग करेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत फरवरी 2027 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लगभग 3,000 स्थानों पर दीपोत्सव और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा अब वाराणसी से आई पावन माटी को दिल्ली के सभी जिलों तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
समारोह में सांसद मनोज तिवारी, योगेन्द्र चंदोलिया, बांसुरी स्वराज, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, विधायकगण, संत समाज तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
