चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली| दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा “दिल्ली लक्ष्मी योजना” लागू किए जाने और 1 अगस्त से पंजीकरण शुरू करने की घोषणा के बाद दिल्ली की महिला सांसदों, भाजपा पदाधिकारियों और आम महिलाओं ने संयुक्त पत्रकार सम्मेलन कर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महिलाओं ने योजना को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
पत्रकार वार्ता में लोकसभा सांसद कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज के साथ घरेलू कार्य सहायक सोनिया जी तथा लाजपत नगर में खाने की रेहड़ी लगाने वाली संतोष देवी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया।
कमलजीत सहरावत ने कहा कि वर्ष 2014 से 2025 तक दिल्ली में ऐसी सरकार रही जिसने राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी, जिससे दिल्ली की जनता अनेक केंद्रीय योजनाओं के लाभ से वंचित रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में अब लंबित केंद्रीय योजनाओं को लागू किया गया है और नई जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों तक लाभ पहुँचाया जा रहा है।
बांसुरी स्वराज ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के “Women-Led Development” के विजन को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जनधन, मुद्रा और उज्ज्वला जैसी योजनाओं की भावना को आगे बढ़ाते हुए अब दिल्ली की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की सम्मान राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से ऑनलाइन पोर्टल शुरू होगा और 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 17 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी।
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि देश की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होने के नाते श्रीमती रेखा गुप्ता ने महिलाओं के लिए देश में सबसे अधिक ₹2500 प्रतिमाह सम्मान राशि देने की शुरुआत कर एक नई मिसाल कायम की है।
लाभार्थी महिलाओं ने भी योजना का स्वागत किया। संतोष देवी ने कहा कि यह मासिक सहायता उनके बच्चों की शिक्षा में महत्वपूर्ण सहयोग करेगी, जबकि घरेलू कार्य सहायक सोनिया जी ने कहा कि मुफ्त राशन, पिंक बस कार्ड और अब दिल्ली लक्ष्मी योजना से गरीब परिवारों का जीवन अधिक सहज होगा तथा वे अपने बच्चों के लिए बेहतर और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा सकेंगी।
