चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की आगामी 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा ने राजधानी में ‘संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के तहत 29 जुलाई को वाराणसी में होने वाले राष्ट्रीय कलश वंदन वितरण कार्यक्रम के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय से रवाना किया गया। वहीं, 31 जुलाई को दिल्ली में भव्य कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि काशी की पावन भूमि पर जन्मे संत रविदास जी का संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरक मंत्र है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के ‘बेगमपुरा’ के विचार और श्रम के सम्मान का संदेश समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के आयोजन और समरसता अभियान के संचालन के लिए एक समिति गठित की गई है, जिसके संयोजक सांसद योगेंद्र चांदोलिया हैं। समिति में मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा, विधायक राजकुमार भाटिया, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष लाजपत राय सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार के मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा इस आयोजन की व्यापक तैयारियां कर चुकी है।
सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने संत रविदास जी के सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कलश यात्रा महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने कार्यकर्ताओं से समरसता, श्रम के सम्मान और सामाजिक एकता का संकल्प लेने का आह्वान किया।
दिल्ली भाजपा के अनुसार, वाराणसी से लाई जाने वाली पावन मिट्टी और कलश के माध्यम से संत रविदास जी का समरसता संदेश राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा।
