
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
अयोध्या पुलिस ने मवई थाना और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त कार्रवाई में दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया।
आरोपी PLAYERS77.COM नामक गेमिंग व ट्रेडिंग वेबसाइट के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपी अकील अहमद उर्फ उर्फी निवासी बसौढ़ी और अमन खान निवासी उन्नाव, मवई क्षेत्र में कॉल सेंटर चला रहे थे।
आरोपी ऑनलाइन गेम में निवेश का लालच देकर लोगों से पैसे निवेश कराते थे।
रिफंड दिलाने के नाम पर टैक्स और सर्विस चार्ज मांगकर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।
जांच में करीब 11 हजार गेमिंग आईडी-पासवर्ड, लेनदेन का रिकॉर्ड और व्हाट्सएप चैट मिली हैं।
पुलिस ने अकील के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में 6 लाख रुपये और एक संदिग्ध एचडीएफसी खाते में 57 लाख रुपये फ्रीज कराए।
मामले में एक अन्य आरोपी सुफियान फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपियों के खिलाफ थाना मवई में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
