चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़क अवसंरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में मथुरा-बरेली-सितारगंज, आगरा-अलीगढ़, आगरा-ग्वालियर-झांसी-नागपुर आर्थिक गलियारा, कानपुर रिंग रोड तथा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (जेवर) संपर्क मार्ग सहित प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने राम वनगमन मार्ग, रामजानकी मार्ग और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग की समीक्षा करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं भारत की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।
बैठक में शामली से गोरखपुर तक प्रस्तावित लगभग 742 किलोमीटर लंबे चार-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी कॉरिडोर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करेगा तथा औद्योगिक विकास, निवेश, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रस्तावित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर विचार-विमर्श करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को उत्तर से दक्षिण तक उच्च क्षमता वाले सड़क नेटवर्क से जोड़ना संतुलित क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक निवेश और आर्थिक प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृतियों, उपयोगिताओं के स्थानांतरण तथा अन्य विभागीय औपचारिकताओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर शुरू होकर समय पर पूरा हो सके।
