चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली जल बोर्ड में आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए कथित एसटीपी घोटाले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित राज राय, अधिकारियों और ठेकेदारों की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की गई गिरफ्तारियों को लेकर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
मल्होत्रा ने कहा कि 11 मई 2024 को दर्ज मामले में विस्तृत जांच के बाद हुई गिरफ्तारियों ने एक बार फिर तत्कालीन केजरीवाल सरकार का “काला चेहरा” सामने ला दिया है। उनके अनुसार, एसीबी ने अपनी जांच में कथित तौर पर पैसों की पूरी ट्रेल स्थापित होने तथा तत्कालीन मंत्री, अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच धन के बंटवारे के आरोप सामने आने की बात कही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एसटीपी घोटाले और इससे जुड़ी गिरफ्तारियों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि केजरीवाल सरकार के 10 साल के कार्यकाल में किसी नाले पर एक भी एसटीपी क्यों नहीं लगाया गया और इस दौरान यमुना और अधिक प्रदूषित क्यों होती गई।
मल्होत्रा ने अरविंद केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से सामने आकर अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए कथित अपराध की जिम्मेदारी स्वीकार करने की मांग की। उन्होंने कहा, “कानून थोड़ा समय लेगा, लेकिन सत्येंद्र जैन को सजा जरूर होगी।”
