चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली, 19 सितम्बर: सफाई कर्मी दीपक जी की आत्महत्या के मामले में आम आदमी पार्टी के त्रिलोकपुरी से निगम पार्षद विजय कुमार की कथित भूमिका को लेकर उनके इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। इसी मांग को लेकर शनिवार को त्रिलोकपुरी स्थित निगम पार्षद कार्यालय के बाहर स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने किया, जबकि निगम पार्षद अधिवक्ता प्रियंका गौतम ने इसका संयोजन किया। प्रदर्शन में दिवंगत सफाई कर्मी दीपक जी की पत्नी श्रीमती संगीता भी अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर शामिल हुईं।

प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और निगम पार्षद कार्यालय के स्टाफ के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति भी उत्पन्न हुई। प्रदर्शनकारियों ने पार्षद विजय कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने कहा कि सफाई कर्मी समाज के लोगों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव या आर्थिक शोषण स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम पार्षद विजय कुमार द्वारा कार्यालय के लिए इस्तेमाल की जा रही संपत्ति को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उज्जैनवाल ने कहा कि यदि दीपक जी के मामले से जुड़े आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो संबंधित निगम पार्षद की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी दिल्ली को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं और उनके साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
निगम पार्षद प्रियंका गौतम ने कहा कि सफाई कर्मी समाज के लोग दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि दीपक जी के मामले में सामने आए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
गौतम ने कहा कि दीपक जी के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि सफाई कर्मियों के सम्मान और अधिकारों से भी जुड़ी है। उन्होंने मांग की कि आम आदमी पार्टी और संबंधित निगम पार्षद मामले में अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटें।
प्रदर्शन के दौरान दीपक जी की पत्नी श्रीमती संगीता ने न्याय की उम्मीद जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन में पूर्व उप महापौर राजकुमार ढिल्लों, पूर्व विधायक रोहित महरौलिया, त्रिलोकपुरी मंडल अध्यक्ष सुनील सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मियों के साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण या अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता और दीपक जी के परिवार को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


