आगरा, संवाददाता। स्पेन की संस्था बेकोज़-बेको, छांव फाउंडेशन (शीरोज़ हैंगआउट, आगरा) एवं SSW के संयुक्त तत्वावधान में शमशाबाद रोड स्थित पब्लिक वेलफेयर हॉस्पिटल के समीप महिला स्वच्छता एवं मेंस्ट्रुअल हाइजीन पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। साथ ही प्रतिभागियों को सतत (सस्टेनेबल) और पुन: उपयोग योग्य (रीयूजेबल) मेंस्ट्रुअल पेंटी बनाने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। स्पेन से आई बेकोज़-बेको की सदस्य इज़ास्कून और सारा ने प्रतिभागियों को विस्तार से प्रशिक्षण देते हुए मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर जानकारी साझा की।
कार्यशाला में शीरोज़ हैंगआउट की सदस्याओं के साथ बुढ़ाना, करवना, धांधुपुरा और ताज सिटी क्षेत्र की महिला रिक्शा चालकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संयोजन रोमी चौहान ने किया। इस अवसर पर जीनिया, मालती, रामभारत, अभिजीत सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यशाला महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती है।
