चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली | Mob: 9540156885
‘प्रभाव से परिवर्तन की ओर’ के संकल्प के साथ राष्ट्र सेवा और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्यरत है समिति
नई दिल्ली। राष्ट्र सेविका समिति ने अपनी स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी उत्सव मनाया। इस अवसर पर दिल्ली प्रांत के दक्षिणी विभाग में नेहरू स्थित जीएलटी विद्यालय से शाम 4 बजे पथ संचलन निकाला गया। इसमें 310 सेविका बहनें पूर्ण गणवेश में शामिल हुईं, जबकि 55 बहनें मंगलवेश में घोष गण के साथ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव एवं आईएएस अधिकारी डॉ. रश्मि सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जैविक खाद्य व्यवसाय से जुड़ी एवं प्रशिक्षित योग शिक्षिका श्रीमती शची तिवारी ने की। बौद्धिक वक्ता के रूप में राष्ट्र सेविका समिति की दिल्ली प्रांत सहकार्यवाहिका श्रीमती नीलम चौधरी उपस्थित रहीं। दक्षिणी विभाग की विभाग कार्यवाहिका श्रीमती अनुराधा वशिष्ठ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

दक्षिणी विभाग के तीनों जिलों से जिला कार्यवाहिकाओं ने अपनी-अपनी सेविकाओं के साथ भाग लिया। इनमें लाजपत जिले की श्रीमती आस्था भारद्वाज, कालकाजी जिले की श्रीमती उषा नागर चौधरी और बदरपुर जिले की श्रीमती देवी शामिल रहीं।
1936 में हुई थी स्थापना
राष्ट्र सेविका समिति की स्थापना 25 अक्टूबर 1936 को विजयादशमी के दिन महाराष्ट्र के वर्धा में वंदनीय श्रीमती लक्ष्मीबाई केळकर, जिन्हें मौसीजी के नाम से जाना जाता है, ने की थी। यह एक अखिल भारतीय महिला संगठन है, जो पिछले 90 वर्षों से महिलाओं और युवतियों के बीच कार्य कर रहा है।
समिति का उद्देश्य महिलाओं में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और आत्म-अनुशासन की भावना विकसित करना है। इसके लिए देशभर में दैनिक एवं साप्ताहिक शाखाएं संचालित की जाती हैं, जहां योग, शारीरिक अभ्यास, खेल, गायन और बौद्धिक चर्चाओं के माध्यम से सेविकाओं के व्यक्तित्व विकास पर ध्यान दिया जाता है।
संस्कार, शिक्षा और सेवा पर जोर
समिति बालमंदिर संस्कार वर्गों, छात्रावासों और विद्यालयों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं में सांस्कृतिक मूल्यों के विकास के लिए कार्य करती है। इसके सेवा प्रकल्पों के अंतर्गत जरूरतमंदों, वंचितों और बालिकाओं के लिए आरोग्य शिविर आयोजित करने तथा वस्त्र एवं खाद्य सामग्री वितरित करने जैसे कार्य किए जाते हैं।
संगठन में पवित्र भगवा ध्वज को गुरु का स्थान प्राप्त है। सेविकाएं इसी ध्वज के समक्ष राष्ट्र सेवा की प्रतिज्ञा लेती हैं।
‘तेजस्वी हिंदू राष्ट्र का पुनर्निर्माण’ के ध्येय वाक्य के साथ राष्ट्र सेविका समिति महिला सशक्तिकरण, संस्कार और सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने पर आयोजित विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन इसी दीर्घकालीन संगठनात्मक यात्रा का हिस्सा रहा।
