
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हनुमान गुफा से संपूर्ण निर्माण मार्ग का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा प्रत्येक कार्य मानकों के अनुरूप कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जहां कहीं भी तकनीकी अथवा अन्य प्रकार की बाधाएं आ रही हैं, उन्हें तत्काल दूर करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का कार्य समय से पूर्ण होकर श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।