चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि, राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया
नई दिल्ली: एकात्म मानववाद के प्रणेता, महान चिंतक एवं कुशल संगठनकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती (अंत्योदय दिवस) के अवसर पर राष्ट्रीय कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं, राष्ट्रीय संगठन मंत्री आदरणीय श्री वी. सतीश जी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण पर अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए।
संगम विहार के भाजपा विधायक चंदन कुमार चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का सादगी, सेवा और अंत्योदय से जुड़ा जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। अंत्योदय की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और विकास की भावना पहुंचाने का संकल्प उनके विचारों को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

