
घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश, चिंतन संस्था की पहल पर नगर आयुक्त की सहमति
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। नगर वासियों की सुबह को स्वच्छता के संदेश के साथ गीत संगीत में बनाने के लिए चिंतन संस्था ने पहल की है इसके तहत कूड़ा संग्रह के लिए संचालित किए जाने वाले वाहनों से अवधी जिंगल का प्रसारण किया जाएगा इसकी अनुमति नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने दे दी है।
स्वच्छता के क्षेत्र में अभिनव पहल करते हुए चिंतन इन्वायरमेंटल रिसर्च एंड एक्शन ग्रुप ने आलोक सिंह राना के नेतृत्व में अवधी जिंगल तैयार किया है। नगर निगम के चार वार्डों में कूड़ा वाहनों में सफलतापूर्वक संचालन शुरू हो गया है। आलोक सिंह राणा ने बताया कि इस अवधी जिंगल के माध्यम से लोगों को सूखा एवं गीला कचरा अलग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्थानीय भाषा में तैयार यह जिंगल आमजन के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। जिंगल के बोल महापौर श्री गिरीशपति त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। सामाजिक संस्था राम का घर के प्रबंधक एवं चिंतन संस्था के चीफ कोऑर्डिनेटर अवधी जिंगल की रचना की है। अब इसे पूरे नगर में लागू किए जाने से “स्वच्छ अयोध्या” अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस पहल के सूत्रधार आलोक सिंह राना शिक्षाविद एवं प्रमुख समाजसेवी के रूप में जाने जाते हैं। वह प्रत्येक माह 15 दिन दिल्ली में IAS के परीक्षार्थियों को इतिहास विषय का मार्गदर्शन देते हैं। शेष 15 दिन अयोध्या में सामाजिक कार्यों को समर्पित करते हैं, ताकि अयोध्या को प्रभु श्रीराम के अनुरूप दिव्य और भव्य स्वरूप में पूरे विश्व के सामने प्रस्तुत किया जा सके। वर्ष 2012 में उन्होंने अयोध्या में लगभग 15 हजार लोगों के साथ सामूहिक राष्ट्रगान का ऐतिहासिक आयोजन कराया था। इसी वर्ष उन्होंने “थूकू अंकल” अभियान की शुरुआत की, जिसके तहत लगभग 20,000 बच्चों को प्रशिक्षित कर सार्वजनिक स्थलों पर थूकने के खिलाफ जागरूकता फैलाई थी। इसके अतिरिक्त उन्होंने 2012 में “संपूर्ण खाता युक्त जिला” कार्यक्रम का संचालन किया। वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से सेना के सम्मान में राष्ट्रगान अभियान आयोजित किया तथा वर्ष 2025 में ऑनलाइन हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कराया, जिसमें लगभग 45 लाख लोगों की भागीदारी रही। आलोक की यह पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय संस्कृति और भाषा के माध्यम से जनभागीदारी को भी मजबूत करेगी।