मुझे न बाँधिए,खुला आसमान पाने दीजिए,
जो ख़्वाब हैं दिल में,उन्हें सच बनाने दीजिए।
परों में हौसला है,उड़ान भरना सीख लेंगे,
राहों में काँटे हों,तो भी गुजरना सीख लेंगे।
मंज़िल कठिन सही,कदम बढ़ाना सीख लेंगे,
ठोकरें जो मिलेंगी,उनसे उठना सीख लेंगे।
वक़्त की हर परीक्षा को मुस्कुराकर सहेंगे,
गिरकर भी हम अपने हौसलों के साथ रहेंगे।
न हार से डरेंगे,न तूफ़ानों से घबराएँगे,
हर एक नाकामी से नए सबक हम पाएँगे।
जो आज अधूरे हैं,कल मुकम्मल हो जाएँगे,
अपने ही परिश्रम से नए इतिहास बनाएँगे।
न किसी की मेहरबानी,न किसी का एहसान चाहिए,
अपने कर्मों से लिखी पहचान और सम्मान चाहिए।
इरादों की रोशनी से अँधेरों को मिटाएँगे,
बंद दरवाज़ों के आगे नए रास्ते बनाएँगे।
हमारी कोशिशों का भी इक दिन मुकाम आएगा,
हमारे धैर्य का सूरज नया पैगाम लाएगा।
किशन जो हक़ है हमारा,उसे मेहनत से पाएँगे,
हम रुकने वाले नहीं, मंज़िल तक पहुँच जाएँगे।

