सबसे भारी बोझ कंधों पर नहीं,मन के भीतर पलता है,
चेहरे पर मुस्कान लिए इंसान,भीतर ही भीतर चलता है।
भविष्य की चिंता,वर्तमान की उलझन,मन को घेरती है
दुनियाँ को जो हँसता दिखता,खामोशी बहुत कहती है
परिवार की फिक्र,पैसों की चिंता,जिम्मेदारियों का भार है,
रिश्ते निभाने की जद्दोजहद,जीवन का कठिन संसार है।
अपनों की उम्मीदें पूरी करने, खुद को भूल जाता इंसान,
सबकी खुशियों का ख्याल रखता ,अनसुना रहता अरमान
बीते कल की यादें सतातीं,आने वाला कल डराता है,
असफलता का छोटा साया,हौसलों को आजमाता है।
जो मिला नहीं उसकी कसक,जो खो गया उसका गम है,
इंसान वर्तमान में जीना भूले,मन में यादों का मौसम है।
लोग क्या कहेंगे,यही सोचकर कितने सपने रुक जाते हैं,
दूसरों की कसौटी पर चलते अपने ख्वाब झुक जाते हैं।
हर चेहरे को खुश रखने में उम्र का सफर गुजर जाता है,
जो खुद की सुनना भूल गया,भीतर से बिखर जाता है।
जीवन का सच समझो, हर चिंता का अंत नहीं होता,
हर दिन एक-सा रहता नहीं,हर अंधेरा अनंत नहीं होता।
किशन जो बदल न सके,छोड़ो,जो मिला स्वीकार करो
मन का बोझ हल्का रखना सीखो,खुद से भी प्यार करो।
