चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली नई दिल्ली। सी.आर. पार्क में 17 अप्रैल को हुए बाप-बेटे के दोहरे हत्याकांड के विरोध में विश्व हिन्दू महासंघ ने तारा अपार्टमेंट में विरोध प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। संगठन ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
विश्व हिन्दू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी महाराज ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा और मानवता पर भी गंभीर प्रहार है। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में सख्त संदेश जाए और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगे।

प्रदर्शन के दौरान संगठन ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा सी.आर. पार्क और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त एवं सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग भी उठाई। राष्ट्रीय संगठन मंत्री और सह संगठन मंत्री ने संयुक्त रूप से प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।
महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी ने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कठोर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की तो संगठन देशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना जरूरी है, अन्यथा स्थितियां गंभीर हो सकती हैं।
प्रदर्शन में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान तारा अपार्टमेंट के निवासियों और स्थानीय लोगों ने भी समर्थन दिया।
गौरतलब है कि 17 अप्रैल की रात 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हमले में उनके रिश्तेदार राहुल घायल हुए, जिनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी और पैसों के लेनदेन को हमले की वजह माना जा रहा है। आरोपी असद, जो उसी सोसायटी का निवासी है, को हिरासत में लेकर जांच जारी है।