अभिमान का अंधेरा जब इंसान पर छाता है,
विवेक का उजियारा भी आँखों से खो जाता है।
खुद को खुदा समझने का जब जुनून चढ़ जाता है,
फ़रिश्तों का मुकाम भी शैतानियत में ढल जाता है।
नम्रता की खुशबू से व्यक्तित्व निखर जाता है,
झुका हुआ इंसान भी दिलों में उतर जाता है।
न ऊँचे पद की चाह,न दौलत का कोई मान,
विनम्रता से साधारण भी बन जाता है महान।
अभिमान की ऊँचाई अक्सर पतन सिखाती है,
झूठी शान इंसान को अपनों से दूर ले जाती है।
जो हर बात में खुद को ही सर्वश्रेष्ठ बताता है,
वह अपनी ही नज़रों में धीरे-धीरे गिर जाता है।
नम्रता कमजोरी नहीं,संस्कारों की पहचान है,
दूसरों को मान देना ही सच्चेपन की शान है।
जो जीतकर भी किसी का दिल नहीं दुखाता है,
वही इंसान वास्तव में महान कहलाता है।
न अभिमान में जियो, न अहंकार को पालो,
प्रेम और विनम्रता से जीवन के दीप जला लो।
किशन फ़रिश्ता बनने के लिए चमत्कार नहीं चाहिए,
बस दिल में इंसानियत रखो,किरदार में नम्रता चाहिए।
