यादों के पन्नों में छिपी,कितनी कहानी है जिंदगी,
कभी आँखों में नमी तो कभी,होठों पर रवानी है जिंदगी।
कभी सुख की धूप खिलती है,दुःख की शाम ढलती है,
इन्हीं बदलते हुए लम्हों की,एक मधुर निशानी है जिंदगी।
कभी अपनों की हँसी में, खुशियों का संसार मिलता है,
कभी अपनों की खामोशी में,दर्द बेशुमार मिलता है।
रिश्तों की डोर थामे रखना,यही जीवन की पूँजी है,
बिना संबंधों के इंसान को,कहाँ सच्चा प्यार मिलता है।
कभी तन्हाई में बैठकर,खुद से भी मुलाकात करना,
बीते हुए उन लम्हों को,यादों के साथ आबाद करना।
कौन अपना था,कौन पराया, वक्त सब बता देता है,
हर रिश्ते की अहमियत को,दिल से एक बार याद करना।
न दौलत साथ चलती है,न शोहरत काम आती है,
मुश्किल घड़ी में अपनों की,बस एक आवाज भाती है।
जो बाँट ले दर्द अपना,वही रिश्ता अनमोल होता है,
वरना भीड़ तो दुनिया में,हर मोड़ पर मिल जाती है।
जिंदगी चार दिनों का मेला,इसे मुस्कुराकर जीना है,
रूठे हुए संबंधों को,प्रेम से फिर से सीना है।
किशन कुछ यादें विरासत कुछ अनुभव बन जाते हैं,
आखिर रिश्तों की खुशबू से ही,जीवन को महकना है।
