छत्तीसगढ़ | चीफ ब्यूरो – अनादि पाण्डेय
रायपुर। एक बार फिर 108 एंबुलेंस की टीम ने अपनी तत्परता, सूझबूझ और बेहतर प्रशिक्षण का परिचय देते हुए मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के मठपुरैना निवासी 29 वर्षीय सरिता वर्मा को प्रसव पीड़ा होने पर मेकाहारा अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस की कालीबाड़ी लोकेशन की टीम उनके घर पहुंची। टीम में EMT सुनील मेश्राम और पायलट खुम्हराज शामिल थे।
महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही प्रसव पीड़ा अचानक अत्यधिक बढ़ गई। स्थिति काफी गंभीर और चुनौतीपूर्ण हो गई। ऐसे में EMT सुनील मेश्राम ने अपनी सूझबूझ, बेहतर प्रशिक्षण और अनुभव का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
इस दौरान महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। कुछ ही पलों में प्रसव पीड़ा की चीखें नवजात बच्चों की किलकारियों में बदल गईं।
इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में EMT सुनील मेश्राम और पायलट खुम्हराज की तत्परता एवं टीमवर्क सराहनीय रहा। 108 एंबुलेंस की टीम ने साबित कर दिया कि आपातकालीन सेवाओं में सही समय पर लिया गया निर्णय और बेहतर प्रशिक्षण अनमोल जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
108 एंबुलेंस की टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
