माता-पिता को पानी न पूछें,भंडारे करवाते हैं,
भाई का हक़ मारकर बैठे,दानवीर कहलाते हैं।
घर के रिश्तों में ज़हर घोलकर,दुनिया को समझाते हैं,
कैसी यह सेवा की मूरत,जो अपनों को रुलाते हैं?
बूढ़े माँ-बाप की आहों से,जिनके आँगन भर जाते हैं,
मंदिर-मस्जिद में लाख चढ़ाकर,पुण्य कमाने जाते हैं।
जिन हाथों ने पाला-पोसा,उन्हीं हाथों को ठुकराते हैं,
दुनिया के आगे धर्म दिखाकर,खुद को श्रेष्ठ बताते हैं।
भाई के हिस्से की खुशियों पर,जो अपना महल बनाते हैं,
हक़ छीनकर अपनों का फिर भी,न्याय की बातें गाते हैं।
दौलत के तराज़ू में रिश्तों का,मोल लगाने जाते हैं,
खून के रिश्ते तोड़कर आखिर,किस मुँह से मुस्कुराते हैं?
दान वही है जो दुखियारे के,जीवन में सुख लाता है,
सेवा वही जो टूटे दिल को,फिर जीना सिखलाता है।
माँ-बाप की आँखों में आँसू,कौन-सा पुण्य कमाता है?
अपनों का हक़ मारने वाला,दानी कैसे कहलाता है?
याद रखो, इस जीवन का हर कर्म हिसाब चुकाता है,
झूठे यश का महल समय की आँधी में ढह जाता है।
किशन माँ-बाप की सेवा से ही,जीवन स्वर्ग बन जाता है,
जो घर में इंसानियत बाँटे,वही सच्चा दानी कहलाता है।

