चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नेपाल में 1,000 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल और बौद्ध भिक्षुओं के लिए आश्रय केंद्र बनाने की परिकल्पना
नई दिल्ली। भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में विश्व बौद्ध महासंघ ने महत्वपूर्ण पहल की है। महासंघ ने महाराज बाबा कालिदास जी को अपना मुख्य संरक्षक (चीफ पैट्रन) नियुक्त किया है। इस पहल के तहत नेपाल में 1,000 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल और बौद्ध भिक्षुओं के लिए विशेष आश्रय केंद्र स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
महाराज बाबा कालिदास जी का जन्म नेपाल में हुआ है। भगवान गौतम बुद्ध की जन्मभूमि होने के कारण नेपाल का बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व है। उनके मार्गदर्शन में विश्व बौद्ध महासंघ भारत और नेपाल के नागरिकों के कल्याण, विकास एवं सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से विभिन्न प्रयास कर रहा है।
500 बेड का मातृत्व विभाग, 500 बेड का सामान्य अस्पताल
प्रस्तावित 1,000 बिस्तरों वाले अस्पताल को दो प्रमुख विभागों में विकसित करने की परिकल्पना है। इसमें 500 बिस्तरों का मातृत्व एवं प्रसूति विभाग होगा, जहां गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित प्रसव तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, 500 बिस्तरों का सामान्य चिकित्सा विभाग आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया जाएगा।
इसके साथ ही बौद्ध भिक्षुओं के ठहरने, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए विशेष आश्रय केंद्र भी स्थापित करने की योजना है।
डॉ. परविंदर सिंह कर रहे पहल का नेतृत्व
इस महत्वाकांक्षी सामाजिक एवं मानवीय अभियान का नेतृत्व विश्व बौद्ध महासंघ के अध्यक्ष डॉ. परविंदर सिंह कर रहे हैं। इस अभियान में थाईलैंड के पटाया से श्री शांतनु, महासंघ के भारत के मुख्य समन्वयक एडवोकेट निखिल चौधरी तथा श्री सतीश राणा भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महासंघ के अनुसार, यह पहल केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि भगवान गौतम बुद्ध के शांति, करुणा, मानवता और सेवा के संदेश को व्यावहारिक रूप देने का प्रयास भी है।
इस परियोजना के माध्यम से नेपाल और भारत के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बच्चों, बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
बुद्ध की जन्मभूमि से मानवता और विश्व शांति का संदेश
विश्व बौद्ध महासंघ की इस पहल को स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक कल्याण और बौद्ध विरासत को एक साथ जोड़ने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। प्रस्तावित अस्पताल और आश्रय केंद्र के माध्यम से मानव सेवा तथा भारत-नेपाल की आध्यात्मिक साझेदारी को नई दिशा देने की परिकल्पना की गई है।

