अच्छा बनने की चाह में,कहीं दिखावा न आ जाए,
सरल बनने की राह में,हर दिल अपना बन जाए,
अच्छाई अक्सर चेहरे की पहचान बनकर रह जाती है,
सरलता आत्मा में उतरकर,रिश्तों में मिठास घोल जाती है
अच्छे होने का परिचय,आंखों तक ही रह जाता है,
सरल हृदय का व्यक्तित्व,दिल में घर कर जाता है,
चेहरे की चमक समय के संग,फीकी पड़ जाती है,
मगर सरलता की खुशबू,उम्रभर महकती जाती है।
न शब्दों में अहंकार हो,न व्यवहार में अभिमान हो,
हर इंसान के प्रति हृदय में,प्रेम और सम्मान हो,
जो झुककर भी रिश्तों को,पूरे मन से निभाता है,
वही अपनी सरलता से,हर दिल में जगह बनाता है।
न ऊंचा दिखने की चाह हो,न श्रेष्ठ कहलाने की प्यास,
मन में करुणा का दीप जले,व्यवहार में हो मिठास,
जो दूसरों के दर्द को भी,अपना दर्द समझता है,
वही सरलता के रास्ते पर,सच्चा इंसान बनता है।
इसलिए अच्छाई से पहले,सरलता को अपनाइए,
मन के हर कोने से,अहंकार को मिटाइए,
किशन अच्छा होना नजरों में,सरल होना दिलों की जीत,
सरल हृदय ही जीवन की,सबसे सुंदर पहचान और प्रीत।
