ये जीत किसके लिए,ये हार किसके लिए,
क्यों जीवनभर तकरार,आखिर किसके लिए,
चंद लम्हों की है ये दुनिया,चंद साँसों का सफर,
फिर नफ़रतों का ये व्यापार,आखिर किसके लिए?
जो आज शिखर पर है,कल ज़मीन पर आएगा,
वक्त का पहिया हर किसी को आईना दिखाएगा,
न दौलत साथ जाएगी,न पद का अभिमान,
फिर किस बात का इतना गुरूर इंसान?
क्यों रिश्तों को तोड़कर जीत का जश्न मनाते हो,
क्यों अपनों के दिलों में नफ़रत के बीज बोते हो,
चार दिन की जिंदगी में प्यार के दीप जलाइए,
किसी को गिराकर नहीं, किसी को उठाकर मुस्कुराइए।
जो आया है धरा पर,उसे लौटकर जाना है,
हर महल,हर तख़्त को एक दिन मिट्टी में समाना है,
न कोई सिकंदर रहा,न कोई ताज अमर हुआ,
फिर किस बात का अभिमान,जब सबको मिट जाना है?
न जीत का घमंड रखोन हार का मलाल रखो,
दिल में प्रेम की खुशबू,होंठों पर मीठे बोल रखो,
किशन जाते वक्त बस नेकियों की पहचान रह जाती है,
इंसान की असली दौलत उसकी इंसानियत कहलाती है।

