चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति के दक्षिणी विभाग के लाजपत जिले में जीएलटी नेहरू नगर विद्यालय की कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए ‘मणिकर्णिका मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।
राष्ट्र सेविका समिति ने रानी लक्ष्मीबाई को अपना आदर्श मानते हुए उनके जीवन को साहस, वीरता, देशप्रेम और स्वाभिमान की प्रेरणा बताया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि 13 बार जूडो नेशनल मेडल जीत चुकीं, जूडो में द्वितीय डैन ब्लैक बेल्ट धारक एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की जूडो कोच श्रीमती मोनल भरवाल ने छात्राओं को अपने प्रेरक उद्बोधन से प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में दिल्ली प्रांत की सह कार्यवाहिका श्रीमती प्रतिभा बिष्ट ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन प्रसंगों के माध्यम से वर्तमान पीढ़ी की सामाजिक भूमिका और योगदान पर ऊर्जा से भरपूर विचार रखे। इसके साथ ही छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर दक्षिणी विभाग की कार्यवाहिका श्रीमती अनुराधा वशिष्ठ एवं लाजपत जिला कार्यवाहिका श्रीमती आस्था भारद्वाज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्र सेविका समिति महिलाओं एवं युवतियों में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और आत्मानुशासन की भावना विकसित करने के लिए कार्य करती है। समिति की शाखाओं में योग, शारीरिक अभ्यास, खेल, गायन एवं बौद्धिक चर्चाओं के माध्यम से व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया जाता है। इसके अतिरिक्त शिक्षा, संस्कार और सेवा परियोजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों एवं वंचित वर्गों की सहायता भी की जाती है। समिति में पवित्र भगवा ध्वज को गुरु का स्थान प्राप्त है, जिसके समक्ष सेविकाएं राष्ट्रसेवा का संकल्प लेती हैं।
