कर्म ही असली पूँजी,यही जीवन का आधार,
मेहनत से जो सींचे सपने,खिलते उसके संसार।
ईमानदारी की राह पर, जो रखता सदा कदम,
उसके व्यक्तित्व की खुशबू, फैलती हर दिशा में हरदम।
इज़्ज़त की कमाई का,कोई मोल नहीं होता,
सच्चे कर्मों का दीपक,कभी धुंधला नहीं होता।
धन-दौलत तो आती-जाती,समय के संग बह जाती,
कर्मों से अर्जित प्रतिष्ठा, युगों-युगों तक रह जाती।
न ऊँचे पद की चाह रखो,न झूठी शान का भार,
अपने कर्मों से लिख डालो,जीवन का इतिहास अपार।
जो दूसरों के दुःख में बनता,आशा की एक किरण,
उसके जीवन का हर पल,बन जाता पुण्य का आँगन।
कर्मों की खेती में बोओ,सच्चाई के बीज,
सेवा, प्रेम और सद्भाव से,जीवन को दो नई तमीज़।
फल चाहे देर से आए,धैर्य न अपना खोना,
नेक इरादों की राहों में,काँटों से भी न डरना।
जीवन का अमूल्य संदेश, कर्मों से पहचान बनाओ,
इज़्ज़त की सच्ची दौलत, अपने आचरण से कमाओ।
किशन जब अंतिम साँसें गूँजें,तब इतना संतोष रहे,
जग में आए थे इंसान बनकर,इंसानियत के साथ रहे।

