राम कथा पार्क में दीपोत्सव के बाद विभिन्न प्रदेशों और देशों की रामलीलाओं का हुआ मंचन
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। राम कथा पार्क में दीपोत्सव के पश्चात रात्रि में विभिन्न देशों और प्रदेशों की रामलीलाओं का मंचन किया गया। इसमें दक्षिण अफ्रीका, कंबोडिया, असम, हिमाचल प्रदेश और अयोध्या की रामलीला के साथ साहबगंज की रामलीला का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर किया।
रामलीला का मंचन देखने के बाद मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय समिति रामलीला के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल व रामलीला मंडलियों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान साहबगंज रामलीला के प्रभारी धीरज दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मनोज जायसवाल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। दीपोत्सव के मंच पर देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों की रामलीलाओं का एक साथ मंचन सांस्कृतिक एकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रामकथा की लोकप्रियता का प्रतीक है।
