चाँद भी क़्या ख़ूब है,हर धर्म की शान है,
न माथे पर तिलक उसका,न कोई पहचान है,
न सर पर घूँघट का पहरा,न चेहरे पर नक़ाब है,
फिर भी हर दिल की दुनियाँ में उसका अपना मुक़ाम है।
कभी करवाचौथ की रात में,सजनी का अरमान है,
कभी ईद के मुबारक चाँद से,ख़ुशियों की मुस्कान है,
कभी ग्रहण की छाया में,कौतूहल का बयान है,
एक ही चाँद के कितने रूप,यही क़ुदरत की पहचान है।
अगर ज़मीं पर होता,तो हिस्सों में बँट जाता,
कोई अपना हक़ जताता,कोई सरहदें खींच जाता,
कभी मज़हब के नाम पर,कोई फ़ैसला सुनाता,
कभी अदालतों के कटघरे में उसका वजूद बुलाया जाता।
अख़बारों की सुर्ख़ियों में,हर रोज़ उछाला जाता,
बहसों के बाज़ारों में,सच-झूठ परखा जाता,
अपने-अपने दावों से,उसको विवादों में घसीटा जाता,
जो सबका है बराबर,उसे भी बाँटा जाता।
मगर शुक्र है,वो आसमाँ में बादलों की गोद में है,
नफ़रत की अदालतों से दूर,सितारों के आग़ोश में है,
किशन ज़मीं पर कविता,ग़ज़ल व मोहब्ब में महफ़ूज़ है,
आओ सीखें जो दूर है बँटवारे से,वही सबसे क़रीब है

