डर रहेगा,संदेह रहेगा,राहों में तूफ़ान भी होगा,
मन के भीतर प्रश्नों का उठता हर संग्राम भी होगा,
फ़िर भी हौसलों को लेकर आगे बढ़ना पड़ता है,
मंज़िल पाने के लिए ख़ुद पर विश्वास करना पड़ता है।
कब तक सही समय की राहों में नज़रें बिछाओगे,
कब तक मन के संशय में अपने कदम रोक पाओगे,
वक़्त किसी के इंतज़ार में ठहरता नहीं है,
गुज़रा हुआ पल लौटकर फिर आता नहीं है।
जो डरकर बैठ गए,वे अवसर खोते रह गए,
जो संशय में उलझे,वे पीछे होते रह गए,
जीत उन्हीं के कदमों को चूमने आती है,
जिनकी हिम्मत मुश्किलों में भी राह बनाती है।
हर शुरुआत में थोड़ी अनिश्चितता होती है,
हर नई राह में कुछ अनजानी कठिनता होती है,
मगर ठोकरें ही चलने का सलीका सिखाती हैं,
और मुश्किलें ही इंसान की असली ताक़त जगाती हैं।
इसलिए डर के साये में सपनों को मत खोने दो,
संदेह के बंधनों में हौसलों को मत सोने दो,
किशन सही समय की प्रतीक्षा में जीवन न गुज़र जाए,
आज कदम बढ़ाओ,शायद यही पल इतिहास बन जाए!

