रिश्तों की पहचान केवल ख़ून के नातों से नहीं होती,
हर मुस्कान के पीछे छिपी सच्ची भावनाओं से होती।
जो सुख में साथ चलें,वे तो अक्सर मिल जाते हैं,
रिश्तों की असली पहचान मुसीबतों में होती है।
जब वक़्त की आँधी में अपने भी किनारा कर जाते हैं,
जब उम्मीदों के दीपक बुझकर अँधियारा कर जाते हैं।
जो ऐसे में हाथ थामकर हौसला बनकर साथ निभाए,
वही रिश्ते जीवन के हर तूफ़ान में राह दिखाते हैं।
धन-दौलत से बढ़कर रिश्तों का ख़ज़ाना होता है,
सच्चे अपने का साथ ही जीवन का नज़राना होता है।
जो आँसू पढ़ ले आँखों के,बिन बोले दर्द समझ जाए,
ऐसा रिश्ता मिलना क़िस्मत का मुस्कुराना होता है।
अपने वे नहीं जो केवल नाम के रिश्ते कहलाते हैं,
अपने वे हैं जो गिरने पर हाथ बढ़ाकर उठाते हैं।
जो अँधियारे रास्तों में उम्मीदों के दीप जलाएँ,
वही बिछड़े हौसलों को फिर से जीना सिखाते हैं।
रिश्ते वही अनमोल हैं, जिनमें स्वार्थ का वास नहीं,
जिनके दिल में प्रेम हो सच्चा, दिखावे का एहसास नहीं।
किशन मुसीबत में जो हाथ थामे,मुश्किल में साथ निभाए
उससे बड़ा कोई रिश्ता नहीं,उससे बढ़कर ख़ास नहीं

