नई दिल्ली। ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित सनातन धर्म मंदिर, संत नगर में महागौरी पूजन के अवसर पर दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर के परिवार की ओर से विशेष माता की चौकी का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध भजन गायिका निधि साहिल ने माता रानी का मधुर गुणगान किया। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और भक्तिमय वातावरण में नृत्य कर आनंद लिया।
कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री दर्शना जरदोश, सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा रॉय तथा निगम पार्षद अंजुम मंडल शामिल हुईं। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा, संत नगर की ओर से पं. अर्जुन शास्त्री, सुभाष मल्होत्रा, सुभाष छाबड़ा, बी.डी. जैन, राजकुमार अग्रवाल, रवि शर्मा, इन्द्र सहगल और रत्न झा सहित अन्य सदस्यों ने पुष्पहार एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया। महिला मंडल की अनेक सदस्यों ने भी स्वागत में भाग लिया। उपस्थित नेत्रियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रवीण शंकर कपूर ने दर्शना जरदोश और बांसुरी स्वराज का उल्लेख करते हुए कहा कि दर्शना जरदोश भारतीय लोकतंत्र में महिला शक्ति का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जरदोश के नाम वर्ष 1952 से अब तक सूरत से दो बार सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड है। कपूर ने बांसुरी स्वराज की वाकपटुता और प्रशासनिक कौशल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अल्प समय में महिला शक्ति को गौरवान्वित किया है।
माता की चौकी के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ माता रानी का गुणगान किया। आयोजन धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का अवसर बना।

