चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
हर्ष मल्होत्रा की अपील—यमुना तट की स्वच्छता को अभियान नहीं, अपनी आदत बनाएं; 2030 तक नदी को स्नान योग्य बनाने का संकल्प

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं लोकसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का रविवार को यमुना तट स्वच्छता अभियान के साथ समापन हुआ। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में हजारों भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के विभिन्न यमुना घाटों पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। दिल्ली सरकार की ओर से मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह ने अभियान का संयोजन किया, जबकि दिल्ली भाजपा की ओर से प्रदेश महामंत्री श्री मोहन लाल गिहारा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की जिम्मेदारी संभाली।
गांधी नगर के निकट यमुना तट पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यह केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि यमुना के संरक्षण और पुनर्जीवन का संकल्प है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि यमुना की स्वच्छता को किसी एक दिन के अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की आस्था, संस्कृति और जीवनरेखा है। उन्होंने स्वीकार किया कि नदी को प्रदूषित करने के लिए समाज की भी जिम्मेदारी है और केवल एक दिन सफाई करने से कर्तव्य पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए निरंतर जनभागीदारी और व्यवहार में बदलाव जरूरी है।
उन्होंने लोगों से यमुना में प्लास्टिक और कचरा नहीं फेंकने, पूजा सामग्री को उचित स्थान पर डालने तथा घरों का गंदा पानी सीधे नदी में जाने से रोकने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक महीने के पहले रविवार को ‘यमुना दिवस’ के रूप में मनाने का सुझाव भी दिया। श्री मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा को संगठन और जनभागीदारी से जोड़ने की प्रेरणा दी है। इसी भावना के साथ दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए यमुना को बचाना आवश्यक है। उन्होंने 2030 तक यमुना को स्नान योग्य बनाने का संकल्प दोहराया।
आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ यमुना सौंपने का आह्वान
दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी श्रीमती दर्शना जरदोश ने कहा कि यमुना को मां का दर्जा दिया गया है और मां को प्रदूषित देखकर कोई प्रसन्न नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर शुरू किए गए इस अभियान में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वच्छता की शुरुआत घर से होती है।

उन्होंने लोगों से पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा नदी में नहीं डालने की अपील करते हुए कहा कि सभी को मिलकर संकल्प लेना चाहिए कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ यमुना सौंपी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकते हैं।
दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री श्री पवन राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 25 वर्षों तक निस्वार्थ लोकसेवा के माध्यम से देश को नई दिशा दी है। उनके सेवा संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यमुना तट पर सफाई अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि यमुना की मौजूदा स्थिति के लिए समाज की भी जिम्मेदारी है। सरकार योजनाएं बना सकती है, लेकिन जनभागीदारी के बिना स्थायी बदलाव संभव नहीं है।
श्री राणा ने दिल्ली के नागरिकों से नदी को कूड़ेदान नहीं समझने की अपील करते हुए कहा कि एक दिन की सफाई से यमुना की स्थिति नहीं बदलेगी, बल्कि लोगों की सोच और व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) और मंदिरों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
‘प्लास्टिक मुक्त यमुना, निर्मल यमुना’ लक्ष्य
अभियान के संयोजक एवं दिल्ली भाजपा महामंत्री श्री मोहन लाल गिहारा ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल से प्रेरणा लेकर यमुना संरक्षण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रविवार का अभियान शुरुआत है, अंत नहीं। दिल्ली सरकार और भाजपा संगठन मिलकर यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयास जारी रखेंगे, लेकिन इस लक्ष्य की प्राप्ति में नागरिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने कहा कि ‘प्लास्टिक मुक्त यमुना, निर्मल यमुना’ अभियान का मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए नदी के किनारों की नियमित सफाई, कचरे के उचित निस्तारण और लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है।
दिल्ली भाजपा महामंत्री श्री विष्णु मित्तल और श्रीमती योगिता सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की सरकार और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता यमुना के किनारों की सफाई के लिए लगातार काम करते रहेंगे। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संगठनों से इस अभियान को निरंतर चलाने की अपील की।
दोनों नेताओं ने कहा कि भारत की नदियां देश की संस्कृति और विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं तथा यमुना दिल्ली की पहचान है। समाज के सभी वर्गों को सरकार के साथ मिलकर नदी को स्वच्छ बनाने की दिशा में योगदान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री से लेकर सांसदों और विधायकों तक ने लिया हिस्सा
स्वच्छता अभियान दिल्ली के विभिन्न घाटों पर एक साथ आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आईटीओ स्थित हाथी घाट पर भाग लिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा गांधी नगर घाट पर विधायक श्री रवि कांत उज्जैनवाल और मयूर विहार जिला अध्यक्ष श्री विजेन्द्र धामा के साथ मौजूद रहे। श्रीमती दर्शना जरदोश ने सोनिया विहार के दूसरे पुश्ते पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती ऋचा पांडेय मिश्रा के साथ अभियान में हिस्सा लिया।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता श्याम घाट-III पर उपस्थित रहे। लोकसभा सांसद श्री मनोज तिवारी ने सोनिया विहार के ढाई पुश्ते पर, श्री योगेन्द्र चांदोलिया ने सैनी मंदिर के निकट रैंप नंबर-2 पर, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कालिंदी कुंज पर, सुश्री बांसुरी स्वराज ने राम घाट-I पर और श्री प्रवीण खंडेलवाल ने यमुना बाजार घाट पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
राज्यसभा सांसद सुश्री स्वाति मालीवाल सोनिया विहार के पहले पुश्ते पर अभियान से जुड़ीं। संगठन महामंत्री श्री पवन राणा चिल्ला गांव घाट पर विधायक श्री चंदन कुमार चौधरी के साथ मौजूद रहे। प्रदेश महामंत्री श्री विष्णु मित्तल ने आईटीओ पर और श्रीमती योगिता सिंह ने यमुना बैंक-2 पर कार्यकर्ताओं के साथ सफाई की।
दिल्ली सरकार के मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह और श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ओल्ड रेलवे ब्रिज पर मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद और डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सिग्नेचर ब्रिज पर अभियान में भाग लिया, जबकि श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह श्याम घाट-II पर तथा श्री कपिल मिश्रा सोनिया विहार स्थित जीरो पुश्ता, राधा-कृष्ण घाट पर उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय मंत्री श्री जय प्रकाश ने वासुदेव घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने राम घाट-II पर भाग लिया। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत चहल आईटीओ स्थित हाथी घाट पर मौजूद रहे। दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय और उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत ने भी निजामुद्दीन घाट पर अभियान में हिस्सा लिया।
विभिन्न घाटों पर व्यापक भागीदारी
अभियान के दौरान सोनिया विहार, कालिंदी कुंज, निजामुद्दीन, वजीराबाद, चिल्ला गांव, गीता कॉलोनी, यमुना बाजार, यमुना बैंक, बोट क्लब, श्याम घाट, सुर घाट, उस्मानपुर घाट और ओल्ड रेलवे ब्रिज सहित कई स्थानों पर सफाई गतिविधियां आयोजित की गईं।
विभिन्न स्थानों पर भाजपा के विधायकों, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, निगम पार्षदों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिया। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता, डॉ. हर्षवर्धन, विधानसभा उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह बिष्ट, महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता, पूर्व महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
जिला अध्यक्षों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अलग-अलग घाटों पर सफाई की। इस दौरान पार्टी संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ महापौर, उपमहापौर, विधायक, सांसद, एनडीएमसी प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधि अभियान से जुड़े।
जनभागीदारी से ही संभव होगा यमुना का पुनर्जीवन
सेवा संकल्प अभियान के समापन पर भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यमुना की सफाई किसी एक राजनीतिक दल, सरकार या संगठन की जिम्मेदारी भर नहीं है, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नदी को स्वच्छ बनाने के लिए नियमित सफाई, प्लास्टिक के उपयोग और कचरे को नदी में डालने से परहेज, उचित अपशिष्ट निस्तारण तथा जनजागरूकता आवश्यक है।
नेताओं ने युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से इस पहल को लगातार आगे बढ़ाने की अपील की। अभियान का संदेश स्पष्ट रहा—यमुना को स्वच्छ बनाना केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए साझा जिम्मेदारी और दीर्घकालिक संकल्प है।

