चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली, 17 सितम्बर: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के त्रिलोकपुरी से निगम पार्षद विजय कुमार पर एक निगम सफाई कर्मी दीपक के साथ कथित आर्थिक धोखाधड़ी करने और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में दर्ज पुलिस एफआईआर को सार्वजनिक करते हुए कहा कि यह घटना आम आदमी पार्टी के “दोहरे एवं काले चेहरे” को उजागर करती है।
पत्रकार वार्ता का संचालन दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर ने किया। इस दौरान विधायक श्री रविन्द्र नेगी एवं श्री रविकांत, पार्षद सुश्री प्रियंका गौतम तथा भाजपा नेता श्री राजकुमार ढिललों उपस्थित रहे।

श्री हर्ष मल्होत्रा के अनुसार, निगम सफाई कर्मी दीपक कई वर्षों से त्रिलोकपुरी वार्ड में कार्यरत थे और अपने परिवार के लिए मकान बनाना चाहते थे। उन्होंने इसके लिए वार्ड के आप पार्षद विजय कुमार से मदद मांगी थी।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले विजय कुमार ने दीपक को मकान दिलाने का भरोसा देते हुए 15 लाख रुपये का ऋण दिलवाया और राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। आरोप है कि दीपक की हस्ताक्षरित बैंक चेकबुक भी पार्षद ने अपने पास रख ली और पिछले 9-10 महीनों से इन चेकों के माध्यम से उनका वेतन निकालता रहा।
मल्होत्रा ने आगे आरोप लगाया कि दीपक कई महीनों तक पार्षद से मकान दिलाने अथवा राशि वापस करने की मांग करते रहे। उनके अनुसार, इस दौरान उन्हें कथित तौर पर ट्रांसफर कराने की धमकी दी गई और 25 प्रतिशत, यानी प्रति लाख 25,000 रुपये कमीशन की मांग भी की गई।
भाजपा नेता के मुताबिक, पैसे की कथित समस्या और परिवार का खर्च चलाने में कठिनाई के कारण दीपक मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। उन्होंने कथित तौर पर अपने परिजनों और मित्रों से कहा था कि यदि उन्हें कुछ हो गया तो इसके लिए विजय कुमार जिम्मेदार होंगे।
प्रेस नोट के अनुसार, आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे दीपक ने 1 सितम्बर को आत्महत्या कर ली। भाजपा ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी पार्षद की ओर से परिवार को डराने-धमकाने का सिलसिला जारी रहा।
मामला सामने आने के बाद 7-8 सितम्बर के आसपास भाजपा नेताओं ने परिवार से सम्पर्क किया। विधायक श्री रविकांत एवं श्री रविन्द्र नेगी, पार्षद सुश्री प्रियंका गौतम और पूर्व उपमहापौर श्री राजकुमार ढिललों ने एक टीम बनाकर परिवार को समर्थन दिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रेस नोट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने 14 सितम्बर 2026 को एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा ने कहा कि जांच के दौरान आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
श्री हर्ष मल्होत्रा ने दीपक को न्याय दिलाने के लिए काम करने वाली भाजपा की चार सदस्यीय टीम की सराहना की। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और कुलदीप कुमार से मामले में अपने पार्षद विजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
मल्होत्रा ने विशेष रूप से त्रिलोकपुरी से आप विधायक कुलदीप कुमार पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे खुद को दलितों का हितैषी बताते हैं, लेकिन उनके अनुसार त्रिलोकपुरी में सफाई कर्मी दीपक से जुड़े इस मामले में उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्लीवासी, विशेषकर दलित वाल्मीकि समाज, कुलदीप कुमार से पूछ रहे हैं कि वे दिवंगत सफाई कर्मी दीपक को कथित रूप से आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आप पार्षद विजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग क्यों नहीं कर रहे हैं।
