चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली, 14 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोक कल्याण एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने तथा उनके आगामी जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार और दिल्ली भाजपा संगठन संयुक्त रूप से 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा है’ आयोजित करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में अभियान की विस्तृत रूपरेखा जारी की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अभियान के दौरान दिल्ली में लगभग 13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ रक्तदान शिविर, वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, अंगदान को प्रोत्साहन, स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली में विशेष मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं लगभग 25,000 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण तथा स्वास्थ्य परीक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि पात्र श्रमिकों को सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ा जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) के आधिकारिक मंच का शुभारंभ भी सेवा संकल्प अभियान के दौरान किया जाएगा। इसका उद्देश्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक लोगों को इस जनसेवा से जोड़ना है।
70 विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर
अभियान के तहत दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन दिन के विशेष ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी, पात्र नागरिकों का पंजीकरण और आवश्यक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकारी अधिकारी भी इन शिविरों में मौजूद रहेंगे।
स्वच्छता अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड और विधानसभा क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण किया जाएगा। दिल्ली में 70 लाख पेड़-पौधे लगाने के लक्ष्य को भी अभियान से जोड़ा गया है।
यमुना की सफाई को अभियान का प्रमुख हिस्सा बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना से जुड़ी लगभग 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। अभियान का समापन भी बड़े यमुना सफाई अभियान के साथ होगा।
5 लाख विद्यार्थियों तक पहुंचेगा ‘मेरे सपनों का भारत’
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत चित्रकला, भाषण और रील निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। लगभग 5,000 स्कूलों के 5 लाख विद्यार्थियों को इसमें जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली सरकार, निजी स्कूलों, एनडीएमसी और नगर निगम के विद्यालयों के साथ विश्वविद्यालयों को भी इस पहल में शामिल किया जाएगा।
अभियान में ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक जीवन की कहानियों को वीडियो और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित होगा। संगठन के अनुसार दिल्ली में 4,095 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कार्यकर्ताओं से संवाद और अभिनंदन किया जाएगा, जबकि मुख्यमंत्री ने दिल्ली में कुल 10,897 आंगनबाड़ी केन्द्रों और करीब 21,350 कार्यकर्ताओं का उल्लेख किया।
‘आशीर्वाद का दीया’ में जलेंगे 7.80 लाख दीये
17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देंगे। दिल्ली भाजपा ने करीब 1.28 लाख लाभार्थी परिवारों में 7.80 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा है। इनमें दिल्ली के 140 प्रतिष्ठित स्थलों पर 14,000 दीये जलाए जाएंगे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विकास की जो नींव रखी थी, वही आज ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ को अपने जीवन का मंत्र बनाया है।
मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री को केवल राजनेता नहीं, बल्कि ‘विकास पुरुष’ बताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ 25 वर्षों तक निरंतर सेवा की है और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी।
दिल्ली भाजपा के एक माह के कार्यक्रमों में ‘सेवा चित्र—मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ प्रमुख हैं।
मल्होत्रा ने बताया कि 7 अक्टूबर को सभी 14 संगठनात्मक जिलों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी। वहीं 15 सितंबर को दिल्ली से 50 कार्यकर्ताओं की टोली वाराणसी जाएगी और 29 सितंबर को गुजरात के वडनगर से 50 कार्यकर्ताओं की टोली दिल्ली पहुंचकर अभिनंदन समारोह में शामिल होगी।
अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक पहुंचकर समाज के अंतिम व्यक्ति को सेवा से जोड़ना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

