महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर नगर निगम के तिलक हाल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने सफाई मित्रों से राखी बंधवाई और उन्हें मिष्ठान, उपहार एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान महापौर ने सफाई मित्रों के साथ बैठकर उनका कुशलक्षेम जाना और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण से अयोध्या को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में मदद मिल रही है। नगर निगम सफाई मित्रों के हितों और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है और यह आयोजन आपसी आत्मीयता एवं सम्मान का संदेश देता है।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, पार्षद सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, अखिलेश पांडेय, सुफियान, राशिद सलीम, रमाशंकर, अजय पांडेय सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
