चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत तालकटोरा स्टेडियम में ‘पावन माटी कलश वंदन एवं वितरण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित संत-महात्माओं, गुरुजनों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी से भरे कलशों को दिल्ली के सभी 14 जिलों तक पहुंचाने के लिए वाहनों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, मानव सम्मान और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि गुरु रविदास जी ने ऐसे समय में समाज को नई दिशा दी, जब ऊंच-नीच, भेदभाव और अनेक सामाजिक कुरीतियां समाज को प्रभावित कर रही थीं। उन्होंने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता और मानव सम्मान का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें सामाजिक जीवन और आचरण का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उनके अनुसार, समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा द्वारा गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाया जा रहा ‘समरसता संकल्प अभियान’ उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। पवित्र माटी कलश के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना सामाजिक एकता और समरसता के संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी अब दिल्ली के हर जिले, हर बस्ती और हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास जी की शिक्षाओं, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षा समाज के लिए मार्गदर्शक है—न कोई छोटा है और न कोई बड़ा, सभी को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पावन कलश यात्रा के दिल्ली के विभिन्न जिलों और बस्तियों तक पहुंचने के साथ संत रविदास जी के विचारों और समरसता का संदेश व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचेगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन, विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने भक्ति के साथ कर्म, करुणा, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
मल्होत्रा ने कहा कि वाराणसी से शुरू हुए पावन माटी कलश अभियान के तहत दिल्ली के सभी 14 जिलों को कलश प्रदान किए जा रहे हैं। इन्हें जिलों, मंडलों और मंदिरों तक ले जाकर गुरु रविदास जी के समरसता संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग और घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्या, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल और बांसुरी स्वराज सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्री रविन्द्र इंद्रराज और मनजिंदर सिंह सिरसा समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जगतगुरु श्री कृष्ण शाह विद्यार्थी चन्द्र गिरी जी, साध्वी रैणुका महाराज जी, स्वामी जगमानंद महाराज जी, श्री विवेक मुनि जी, श्री कृष्ण मुरारी दास प्रभु जी, श्री महंत नारायण गिरी जी और श्री विमलानन्द गिरी जी सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति रही।
‘पावन माटी कलश’ के दिल्ली के 14 जिलों तक पहुंचने के साथ भाजपा ने गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।