महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के समय उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से संबंधित वायरल वीडियो के प्रकरण को लेकर अयोध्या कांग्रेस ने आज कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पर नगर कोतवाल को FIR दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र सौंपा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अयोध्या के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। किसी भी व्यक्ति का पद कितना भी बड़ा हो, राष्ट्रगान के सम्मान से ऊपर कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और यदि जांच में कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान का विषय है। वायरल वीडियो ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस की मांग है कि वीडियो, CCTV फुटेज और कार्यक्रम की अन्य रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक घटनाक्रम सामने लाया जाए। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर नगर कोतवाली में FIR दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र सौंपा गया है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से देश की जनता विशेष मर्यादा और जिम्मेदारी की अपेक्षा करती है। राष्ट्रगान के संबंध में सामने आए इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। जांच के बाद यदि कोई अपराध प्रमाणित होता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी व्यक्ति का व्यक्तिगत अपमान करना नहीं है। कांग्रेस केवल यह चाहती है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच हो, घटनास्थल के CCTV एवं उपलब्ध वीडियो फुटेज सुरक्षित किए जाएं, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएं तथा वास्तविक तथ्य जनता के सामने लाए जाएं। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने की स्थिति में संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉक्टर विनोद गुप्ता अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर खेलकूद प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विजय यादव भीम शुक्ला धर्मेंद्र फास्टर अशोक राय अहमद कुरेशी आदि प्रमुख लोग रहे