चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली: रक्षाबंधन के अवसर पर बवाना विधानसभा क्षेत्र के पुठ खुर्द गांव में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शाहबाद डेरी क्षेत्र की सैकड़ों बहनों ने दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं बवाना विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा, “शाहबाद डेरी की बहनों से राखी बंधवाकर उनका स्नेह, अपनत्व और आशीर्वाद प्राप्त करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। बहनों का प्रेम और विश्वास जनसेवा के प्रति हमारे संकल्प को और मजबूत करता है।”
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीय संबंधों का प्रतीक है। यह पर्व सम्मान, जिम्मेदारी और जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की भावना को भी मजबूत करता है। बदलते सामाजिक परिवेश में ऐसे पर्व सामाजिक एकजुटता, सद्भाव और आपसी सम्मान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक बहन के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर समर्पित रहना उनका संकल्प है। कार्यक्रम में बहनों ने मंत्री के स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की। मंत्री ने भी सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जय भगवान गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और क्षेत्र की बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम ने भाई-बहन के स्नेह के साथ सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान और जनभागीदारी का संदेश दिया।
