जहाजपुर कस्बे के बारह देहरा मंदिर समेत अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों का खुलासा
जहाजपुर। जहाजपुर थाना पुलिस ने कस्बे में मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय सुनसान मकानों और धार्मिक स्थलों की रेकी कर रात में मंदिरों से चोरी करता था तथा चोरी का माल बेच देता था।
पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त को जहाजपुर निवासी हरीश पुत्र श्रवण पत्रिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बारह देहरा स्थित माताजी के मंदिर में चांदी के पाद चढ़े हुए थे। सुबह पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचने पर दानपात्र टूटा हुआ मिला तथा मंदिर के पीछे की सीमेंट की जाली भी टूटी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी एवं मनोवैज्ञानिक तरीकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने लक्की कुमार पुत्र महेंद्र जाति ग्वाला (धोसी), उम्र 21 वर्ष, निवासी खटीक मोहल्ला, जहाजपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ में मंदिर चोरी की वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों और चोरी किए गए सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी दयाराम चौधरी, देवराज सिंह, मंगलसिंह कानि तथा गिरिराज प्रसाद कानि शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गांव-कस्बे में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा घरों को सुनसान छोड़कर जाते समय आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दें।