चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली। बवाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री तथा स्थानीय विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शाहबाद डेरी के ए एवं बी ब्लॉक मेन मार्केट रोड पर मुख्यमंत्री विकास फंड (CMDF) से ₹1.89 करोड़ की लागत वाली मुख्य सड़क निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांवों का समग्र विकास ही राजधानी और देश के समग्र विकास की मजबूत नींव है।

मंत्री ने बताया कि बवाना विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सीवर लाइन, पेयजल पाइपलाइन, नालियों और गलियों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण का कार्य लगातार गति पकड़ रहा है। शाहबाद डेरी की नई सड़क परियोजना से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का आधारभूत ढांचा और अधिक सशक्त होगा।
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने दोहराया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को रोहिणी सेक्टर-26 में लगभग ₹65 लाख की सीवर लाइन परियोजना की शुरुआत के बाद अब शाहबाद डेरी में ₹1.89 करोड़ की सड़क परियोजना शुरू की गई है। इससे स्पष्ट है कि बवाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं और नागरिकों को आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी विकास कार्यों में आई तेजी का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित परियोजनाएं अब प्राथमिकता के आधार पर पूरी हो रही हैं। उनका कहना था कि सड़क, सीवर, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर उभर रही है और लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।