हनुमान जी महाराज के सान्निध्य में गूंज रहे वैदिक मंत्र, क्षेत्र में सुख-समृद्धि की प्रार्थना
रिपोर्टर सुभाष व्यास
शाहपुरा, क्षेत्र में अच्छी वर्षा, समृद्धि और जनकल्याण की मंगल कामना को लेकर शाहपुरा स्थित बालाजी की छतरी में विराजमान श्री हनुमान जी महाराज के सान्निध्य में भव्य वृष्टि यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान बालाजी सेवा समिति एवं श्रद्धालु भक्तों के सहयोग से श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हो रहा है।
यज्ञ में वैदिक विधि-विधान के साथ आहुतियां अर्पित की जा रही हैं तथा भगवान से प्रार्थना की जा रही है कि क्षेत्र में समय पर और पर्याप्त वर्षा हो, जिससे किसानों की फसलें लहलहाएं, जलस्रोत भरें और जनजीवन में सुख-समृद्धि का संचार हो।
यज्ञ स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्तजन हनुमान जी महाराज के दर्शन कर यज्ञ में आहुति देकर परिवार, समाज और क्षेत्र की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से श्रद्धा का अद्भुत माहौल बना हुआ है।
बालाजी सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह वृष्टि यज्ञ विशेष रूप से शाहपुरा क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर आयोजित किया गया है। सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ में सहभागिता कर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया गया है।